रामपुर बुजुर्ग। बनकटा थाना क्षेत्र के बहियारी बघेल के पास स्थित पुलिया के नीचे बुधवार को मिली युवती के शव की पहचान हो गई है। शव बनकटा थाना क्षेत्र के धरहनिया गांव की मन्नत (20) पुत्री बांके बिहारी का था। वह बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और एक दिन पहले घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घरवालों ने बताया कि मन्नत के पिता बांके बिहारी रोजगार के सिलसिले में दुबई गए हैं। वह दो भाइयों के बीच इकलौती बहन थी।
मन्नत मंगलवार को घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी, मगर देर शाम तक नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। बुधवार को पुलिया के नीचे युवती का शव मिलने की सूचना पर परिवार वाले मौके पर पहुंचे और उसकी पहचान की।
ग्रामीणों के बीच कई तरह की चर्चा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। पुलिस युवती के घर से निकलने के बाद की गतिविधियों, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है। एसओ दिनेश कुमार मौर्य ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा।