खुखुंदू। थाना क्षेत्र के भलुआ गांव में बृहस्पतिवार की सुबह करीब छह बजे संदिग्ध हालात में 12वीं की एक छात्रा का शव उसके कमरे में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। भलुआ गांव निवासी मनोज कुमार राजभर की 17 वर्षीय बेटी शीतल कुमारी बरडीहा इंटर कॉलेज में 12वीं कक्षा की छात्रा थी। बृहस्पतिवार की सुबह उठकर वह अकेले घर से कहीं बाहर गई थी। इसके बाद घर आने पर वह अपने कमरे में चली गई। इस दौरान मृतक की मां घर के चौका बर्तन करने में लगी हुई थी। जब शीतल कुछ देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजन उसे देखने पहुंचे। जहां उसका शव संदिग्ध हालत में पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
परिजनों का कहना है कि तबीयत खराब होने से शीतल की मौत हो गई है। हालांकि गांव में दबी जुबान से चर्चा है कि परिजनों के डांटने फटकारने से नाराज होकर छात्रा ने फंदा लगाकर खुदकुशी की है। एसओ दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। घरवाले बीमारी से मौत की बात कह रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।