फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: 630 करोड़ के 49 प्रस्ताव धरातल पर उतरने का खाका तैयार, 3,242 को मिलेगा रोजगार

Sat, 23 Sep 2023 12:57 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
विज्ञापन
देवरिया। इंवेस्टर समिट के दौरान जनपद में उद्योग, धंधा लगाने के लिए आए प्रस्तावों को धरातल पर उतारने का खाका तैयार कर लिया गया है। इसमें 630 करोड़ रुपये के निवेश से 49 प्रोजेक्ट लगाए जाएंगे। इसके बाद 3,242 लोगों को रोजगार मिल सकेगा।
विज्ञापन

जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने शुक्रवार को उद्योग बंधुओं के साथ बैठक कर जिले में निवेशों के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की। इसमें आने वाली बाधाओं को दूर करने का निर्देश दिया है। जिले को इंवेस्टर फ्रेंडली जनपद के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए गैर प्रांत और बड़े शहरों में जिले के जिन उद्यमियों ने उद्योग, धंधे लगाए हैं उनसे भी संपर्क साधकर जिले में उद्योग लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

4656 उद्यमियों ने कराया पंजीकरण
देवरिया। उद्याेग विभाग के उद्यमी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (यूआरसी) पोर्टल के माध्यम से 4,656 उद्यमियों ने पंजीकरण कराया है। इससे इन उद्यमियों को काफी फायदा होगा। उद्यमी को पांच लाख रुपये तक दुर्घटना बीमा भी मिलेगा। शासकीय खरीद में एमएसएमई का कोटा आरक्षित होगा। इतना ही नहीं एमएसएमई उद्यमियों को विभिन्न टेंडरों में सीएमडी अनुभव एवं टर्नओवर में छूट, बैंक की योजनाओं में वरीयता तथा लोन की सुविधा भी आसानी से मिलेगी।
विज्ञापन

अपने सपने को साकार कर अब गृह जनपद में लगाना चाहते हैं उद्योग

देवरिया। जिले में कभी सुविधाओं का अभाव हुआ करता था। पर समय बदला और विकास की रफ्तार भी तेज हो गई। जिन लोगों ने अच्छी सुविधा को देखकर बड़े शहरों और गैर प्रांतों में उद्यमी के रूप में नाम रोशन किया है अब वह जिले में भी उद्योग धंधा लगाने की इच्छा जाहिर कर रहे हैं। यह जिलेवासियों के लिए काफी राहत भरी खबर है। इससे जिले के युवाओं का पलायन रुकेगा और उन्हें दूसरी जगह रोजगार की तलाश में नहीं जाना पड़ेगा।
जनपद के निवासी मिथिलेश शुक्ला की गुजरात में ब्वायलर, केमिकल्स, कपड़ा पेंटिंग की फैक्ट्रियां हैं। गुजरात में एक बड़े उद्यमी के रूप में नाम है। शुक्रवार को उन्होंने अपने रिश्तेदार ऋषिकेश तिवारी के जरिए उद्योग विभाग में आवेदन कर भूमि मांगी है। 27000 वर्ग फीट में केमिकल फैक्टरी बैठाने की योजना है। उन्होंने बताया कि अगर जमीन मिल जाए तो वह फैक्टरी लगा देेंगे। इससे एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा।
जिले के अबूबकर मोहल्ला निवासी डॉ. जफर अनीस की सना इंटरनेशनल एक्जिम के नाम से कंपनी है। चमड़ा उत्पादों के निर्माता और निर्यातक हैं। कानपुर में इस समय इनकी फैक्ट्री है। इन्होंने भी जिले में चमड़ा उद्योग स्थापित करने का प्लान बनाया है। ट्रेड शो में शामिल व्यापारी ने बताया कि गृह जनपद में चमड़ा उत्पादों की फैक्ट्री लगाकर विदेश तक निर्यात करने की इच्छा है। इसके लिए मैं प्रयास कर रहा हूं। अभी उनके उत्पाद करीब पांच देशों में निर्यात हो रहे हैं। स्वजय कंपनी के निदेशक अनिल तिवारी ने बताया कि जिले के दो सौ गांवों में ब्रांडिंग यूनिट बैठाने की योजना है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार मिलेगा और बड़ी-बड़ी कंपनियों को यहां के उत्पाद टक्कर भी देंगे।

जिले में उद्यम लगाने के प्रति उद्यमियों का रुझान तेजी से बढ़ा है। जमीनों की कमी जरूर खल रही है। उद्योग विभाग के पास काफी संख्या में ऐसे लोग पहुंच रहे हैं, जिनकी बाहर में फैक्ट्री है वह जिले में लगाना चाह रहे हैं। हाल के दिनों में पांच उद्यमी जो गैर प्रांत में बड़े उद्योगपति के रूप में चिह्नित हैं वह भूमि की मांग किए हैं। नया औद्योगिक आस्थान के बारे में प्लान तैयार किया जा रहा है।
खुशबू सिंह, उपायुक्त उद्योग

इंवेस्टर समिट के प्रस्तावों को बहुत जल्द धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है। उद्यमियों के सभी सुविधाओं का ख्याल किया जा रहा है। व्यवसायिक माहौल जिले में होने के कारण बाहरी उद्यमी भी यहां पर उद्योग लगाने के लिए संपर्क कर रहे हैं।
- अखंड प्रताप सिंह, जिलाधिकारी

उद्योग लगाने के लिए उद्यमी आगे आ रहे हैं। इससे जिले का विकास होगा। अब जरूरत यह है कि विभाग उद्यमियों को जमीन तलाश कर दे, ताकि यहां के लोगों को रोजगार मिल सके।
रविंद्र प्रताप मल्ल, वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष, उप्र उद्योग व्यापार मंडल

उसरा बाजार में उद्यम लगाने की इस समय होड़ है। पहले से काफी परिवर्तन हुआ है। सबसे अच्छी बात तो यह है कि युवा वर्ग आगे आ रहा है। पहले उद्यमी के घर, परिवार के भी युवक बाहर नौकरी पेश करने के लिए जाते थे। पर हाल के दिनों में एक माहौल बना है कि यहीं पर उद्यम स्थापित कर अपने को साबित करने की ललक रख रहे हैं।
विज्ञापन

शक्ति गुप्ता, जिलाध्यक्ष, उद्योग व्यापार मंडल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें