सीएचसी-पीएचसी पर बनेगा बॉयो मेडिकल वेस्ट डिस्पोजल शेड
सीएचसी-पीएचसी पर निर्माण के लिए सीडीओ ने दिए निर्देश
अस्पतालों से निकलने वाले कचरे से फैल रहा गंदगी, ढाई लाख से होगा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले के सभी ब्लॉकों के सीएचसी-पीएचसी पर बॉयो मेडिकल वेस्ट डिस्पोजल शेड का निर्माण किया जाएगा। खुले में प्रसव कक्ष का कचरा फेंकने से फैल रही गंदगी को देखते हुए सीडीओ ने निर्देश जारी किए हैं। इसकी तैयारी में स्वास्थ्य महकमा जुट गया है।
सीएचसी, पीएचसी पर निरीक्षण के दौरान सब कुछ बेहतर मिल रहा है, लेकिन गंदगी से मुक्ति नहीं मिल रही। प्रसव कक्ष और ओपीडी से निकलने वाले कचरे को लेने वाला वाहन समय से नहीं पहुंचता है। इसकी वजह से कचरा अस्पताल कैंपस में इधर-उधर फैला रहता था। इसे देखते हुए सीडीओ ने सीएमओ को एनएचएम के तहत सीएचसी, पीएचसी पर बॉयो मेडिकल वेस्ट डिस्पोजल शेड का निर्माण कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि अस्पताल से निकलने वाले कचरे को इसमें रखा जा सके। इसके लिए अधिकांश सीएचसी प्रभारियों ने स्थान चयनित कर अपनी रिपोर्ट भेज दी है। एक बॉयो मेडिकल वेस्ट डिस्पोजल शेड पर करीब ढाई लाख रुपये खर्च किया जाएगा। सीडीओ शिव शरणप्पा जीएन ने बताया कि सभी सीएचसी, पीएचसी पर बॉयो मेडिकल वेस्ट डिस्पोजल शेड का निर्माण कराने के निर्देश दिए गए हैं।