देवरिया। सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार की सुबह सड़क हादसे में चांदपलिया गांव निवासी बाइक सवार की मौत हो गई। वह सुबह दुकान पर दवा लेने जा रहे थे।
सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के चांदपलिया गांव निवासी बृजेश मिश्रा (55) मंगलवार की सुबह बाइक से दवा लेने जा रहे थे। रामपुर मोड़ के पास बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट आ गई। इसमें बाइक सवार बृजेश के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि एक पैर ट्रेलर के पहिए के नीचे आने से बुरी तरह कुचल गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद चालक ट्रेलर लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
मृतक बृजेश मिश्रा के परिवार में एक पुत्र व चार पुत्रियां हैं। पुत्र प्रयागराज स्थित इलाहाबाद विश्वविद्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत है।