गोरखपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर स्थित लंगड़ी चौराहे के पास की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। गोरखपुर-देवरिया मुख्य मार्ग स्थित लंगड़ी चौराहे के पास सड़क के किनारे खड़े डीसीएम में एक बाइक सवार ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए उसे सीएचसी गौरी बाजार पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखकर चिकित्सक ने उसे मेडिकल काॅलेज देवरिया रेफर कर दिया।
गौरीबाजार थानाक्षेत्र के बैतालपुर कस्बा निवासी शिव बरनवाल (27) सोमवार को गौरी बाजार से बैतालपुर बाइक से जा रहा था। वह लंगड़ी चौराहे के पास पहुंचा था, इसी बीच सड़क किनारे खड़े डीसीएम से टकरा गया। जिससे शिव के सिर, पेट व पैर में गंभीर चोट आई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने इलाज के लिए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरी बाजार पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखकर डॉक्टर ने मेडिकल काॅलेज देवरिया रेफर कर दिया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि बाइक और डीसीएम कब्जे में ले लिया गया है।