मार्ग दुर्घटना में विद्युत निगम के कर्मचारी की मौत
पैकाली (देवरिया)। देवरिया-रुद्रपुर मार्ग पर सरौरा चौराहे के समीप रविवार की देर रात विद्युत निगम के कर्मचारी कृष्णमुरारी कुशवाहा (45) को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सोमवार की सुबह सरौरा पुल पर उनका दाह संस्कार किया गया।
सरौरा निवासी कृष्ण मुरारी कुशवाहा जिला मुख्यालय के विद्युत निगम कार्यालय के कर्मचारी थे। रविवार की रात वह देवरिया से बाइक से घर जा रहे थे। अभी वह सरौरा चौराहे के समीप ही पहुंचे थे कि किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर ही गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। एक घंटे बाद परिजनों को जब इसकी सूचना मिली तो वह दौड़-दौड़े घटनास्थल पर पहुंचे। रात में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही विद्युत निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी भी जिला अस्पताल पर पहुंच गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों के अनुरोध पर रात में ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया। सोमवार की सुबह उनका दाह संस्कार किया गया। परिवार में पत्नी आशा देवी व दो पुत्रों में दीपक व दीपू का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी कोतवाल राजू सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।