बनकटा में पेड़ से गिरने से क्षतिग्रस्त हुए तार को ठीक करते रेलकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
बनकटा। रेलवे ट्रैक के ऊपर से गुजरी बिजली का तार पर पेड़ गिर गया। इससे छपरा-भटनी रेलखंड का अप ट्रैक देर शाम तक आवागमन तक ठप रहा। इस रूट की कई ट्रेनें विलंब से चलीं। पेड़ को हटाने और तार को ठीक करने का प्रयास देर रात तक जारी रहा।
छपरा-भटनी रूट के 109 नंबर रेलवे ढाला पर खड़ेसर गांव के सामने सूखे पेड़ में शुक्रवार को किसी ने आग लगा दी। दिन में करीब 12.30 बजे पेड़ जलकर रेलवे के अप ट्रैक के 109 नंबर ढाले के ऊपर से गुजरे बिजली के तार पर गिर गया। पाटिलीपुत्र एक्सप्रेस डाउन के चालक ने स्टेशन पर ट्रेन रोककर मेमो के जरिए जानकारी स्टेशन मास्टर को दी। एक घंटे बाद पहुंचे रेलकर्मियों ने तार पर गिरे पेड़ को हटाने की कोशिश करने लगे।
इसके चलते अप ट्रैक से गुजरने वाली वैशाली, बिहार संपर्क क्रांति, काठगोदाम, मौर्य एक्सप्रेस समेत दर्जनों ट्रेनों को नजदीकी स्टेशनों पर रोक दिया गया। शाम करीब चार बजे वाराणसी कंट्रोल से परमिशन मिलने के बाद अप ट्रैक के ट्रेनों को डाउन ट्रैक से चलाया गया। बनकटा स्टेशन अधीक्षक कन्हैया लाल गिरी ने बताया कि पेड़ खोखला था। आग लगा देने से तार पर गिर गया।
इसके चलते अप ट्रैक पर तरफ से ट्रेनों का आवागमन देर शाम तक ठप रहा। इसके अलावा वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आर कश्यप ने शुक्रवार को देवरिया, भटनी, भाटपाररानी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। वह लगभग 40 मिनट तक स्टेशन पर रहे। रेल यातायात संबंधी जानकारी हासिल की। मंडल रेल प्रबंधक मैरवा में निरीक्षण के बाद भाटपाररानी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे।