भटनी। क्षेत्रीय विधायक के प्रस्ताव में शामिल भटनी-नोनापार टू-लेन बनने का रास्ता साफ हो गया है। करीब 18 करोड़ की लागत से बनने वाली इस सड़क के निर्माण के लिए पहली किश्त जारी कर दी गई है। इस सड़क के चौड़ीकरण और उच्चीकरण होने से आठ किमी की यात्रा आसान हो जाएगी।
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड की ओर से इस सड़क का निर्माण कराया जाएगा। सड़क के चौड़ीकरण और उच्चीकरण होने की जानकारी पर लोगों ने खुशी जताई है। भटनी क्षेत्र को नोनापार, पयासी के रास्ते तहसील मुख्यालय सलेमपुर से जोड़ने वाला सड़क सकरा है। इसके चौड़ीकरण और मरम्मत की मांग काफी दिनों से चल रही थी। ऐसे में लोगों की परेशानी को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने इसे अपने कार्ययोजना में शामिल कर प्रस्ताव शासन को भेजवाया।
विधायक ने शासन स्तर पर प्रयास कर इस सड़क के निर्माण की स्वीकृति दिलवाई। यह सड़क दो खंडों में बनाया जाएगा। पहला खंड नोनापार से सलेमपुर जिसे निर्माण खंड बनाएगा, जबकि दूसरा खंड भटनी से नोनापार प्रांतीय खंड निर्माण कराएगा।
नोनापार से पयासी होकर सलेमपुर जाने वाले सड़क का चौड़ीकरण का काम शुरू हो गया है। वहीं अब शासन से मंजूरी मिलने के बाद भटनी से नोनापार जाने वाली सड़क का भी टू लेन होने का रास्ता साफ हो गया है।
सड़क निर्माण के लिए पहली किश्त पांच करोड़ 48 लाख धन भी मिल गया है। इसकी जानकारी पर सकरापार, देवघाट, बभनौली कला, उसका, सिंगहीडीह, नोनापार, विंदवलिया, मड़पही, बनरही, सवरेजी आदि गांव के लोगों ने खुशी जताई है।
लोक निर्माण प्रांतीय खंड के अवर अभियंता शशिकांत यादव ने बताया कि करीब 18 करोड़ की लागत से भटनी-नोनापार सड़क का निर्माण होना है। शासन से पहली किश्त पांच करोड़ 48 लाख धन स्वीकृत हो गई है। टेंडर प्रक्रिया कराकर जल्द ही सड़क का निर्माण शुरू कराया जाएगा।