बरियारपुर। बंगलूरू में हुए दर्दनाक गैस हादसे में झुलसे गौर कोठी गांव के तीसरे युवक की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। इस हादसे में एक ही परिवार के दो सगे भाइयों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, बरियारपुर थाना क्षेत्र के गौर कोठी गांव निवासी अविनाश शर्मा (30), उनके छोटे भाई अभिनय शर्मा (27) और उनके जीजा रामबचन शर्मा (35) निवासी दाउद पिपरा थाना बघौचघाट, बंगलूरू में एक कंपनी में कार्यरत थे और किराए के एक ही कमरे में रहते भी थे।
बीते बृहस्पतिवार सुबह कमरे में रखे रसोई गैस सिलिंडर से रिसाव हो गया, जिससे पूरा कमरा गैस से भर गया। इसी दौरान जैसे ही बिजली का स्विच ऑन किया गया, चिंगारी से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर तीनों युवक गंभीर रूप से झुलस गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाकर घायलों को बाहर निकाला। तीनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सबसे पहले शनिवार रात रामबचन शर्मा की मौत हो गई। उनका अंतिम संस्कार रविवार को गंडक नदी के कुशहरी घाट पर किया गया। इसके बाद रविवार को ही अविनाश शर्मा ने भी दम तोड़ दिया। उनका शव सोमवार को गांव लाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया गया। गंभीर रूप से झुलसे अभिनय शर्मा ने भी मंगलवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के दो बेटों की असमय मौत से उनकी मां शीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर आंख नम है और शोक का माहौल बना हुआ है।
ड्यूटी पर होने से बच गई चौथे युवक की जान : इसी कमरे में रहने वाले चौथे युवक नितेश शर्मा, जो अविनाश के चचेरे भाई हैं, घटना के समय ड्यूटी पर थे। बुधवार रात वह काम पर चले गए थे, जिससे उनकी जान बच गई।