देवरिया। कृषक लघु माध्यमिक विद्यालय मदरसन के तीन शिक्षकों की सुनवाई का मामला अभी लटका हुआ है। सुनवाई में देरी और रुपये की वसूली का आरोप लगाते हुए एक शिक्षक कृष्णमोहन सिंह ने गोरखपुर के गुलरिहा में अपने भाई के घर में आत्महत्या कर ली थी।
इस प्रकरण में शिक्षक ने सुसाइड नोट के साथ वीडियो भी रिकार्ड किया था। इस मामले में तत्कालीन बीएसए शालिनी श्रीवास्तव व पटल सहायक संजीव सिंह और एक अज्ञात के विरुद्ध गुलरिहा थाने में मृतक की पत्नी गुड़िया सिंह की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज है।
आरोपी बीएसए व पटल सहायक फरार हैं।
कृषक लघु माध्यमिक विद्यालय मदरसन में शिक्षक कृष्णमोहन सिंह और दो अन्य शिक्षकों की याचिका पर फरवरी 2025 में हाईकोर्ट ने बीएसए को सुनवाई का निर्देश दिया था। इस मामले में तत्कालीन बीएसए शालिनी श्रीवास्तव सुनवाई नहीं कर सकीं।
इधर शिक्षक कृष्णमोहन सिंह ने बीएसए शालिनी श्रीवास्तव व उनके पटल सहायक संजीव सिंह पर प्रति शिक्षक 16-16 लाख रुपये लेने और चार-चार लाख रुपये और मांगने का आरोप लगाते हुए बीते 20 फरवरी की रात आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद बीएसए शालिनी श्रीवास्तव व पटल सहायक निलंबित कर दिए गए।
शासन से नियुक्त नए बीएसए अनिल कुमार सिंह को अब इस मामले की सुनवाई करनी है। इस बीच मजिस्ट्रेट की अगुआई में संजीव सिंह की आलमारी की फाइलों को सूचीबद्ध किया जा रहा है। पूरी कार्रवाई सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हो रही है। इसके बीएसए द्वारा बाद बेसिक शिक्षा विभाग के विधिक सलाहकार से सलाह लेकर आगे की कार्रवाई करने की तैयारी है।
इसके लिए बीएसए के स्तर से प्रयास जारी हैं। फाइलों के सूचीबद्ध होने के बाद संबंधित फाइलों का बीएसए अध्ययन करेंगे, इसके बाद विधिक सलाह लेंगे।