पड़री मल्ल गांव में रात के समय पांच गाड़ियों से पहुंचे थे युवक
गांव वालों ने दौड़ाया तो एक वाहन छोड़कर भागे, छानबीन में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के पड़री मल्ल गांव में शुक्रवार की रात पांच चार पहिया वाहनों से पहुंचे युवकों ने दरवाजे पर मौजूद मैनेजर मल्ल की पिटाई कर दी। एक युवक ने उनके मुंह में तमंचा डाल दिया। गांव वालों के दौड़ाने पर युवक एक गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। पुलिस जांच कर रही है।
पड़री मल्ल गांव निवासी मैनेजर मल्ल सिंचाई विभाग में ठेकेदार हैं। रात करीब 10 बजे वह अपने दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान पांच चार पहिया वाहनों से वहां पहुंचे युवक गाली देते हुए उन्हें मारने लगे। शोर सुनकर पहुंचे गांव वालों ने युवकों को दौड़ा लिया। चार वाहन लेकर कई युवक तो फरार हो गए, जबकि गाड़ी छोड़ गए। पुलिस ने ठेकेदार से पूछताछ की। विवाद की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस के लौटने के बाद आधी रात दुबारा पहुंचे युवक पांचवीं गाड़ी भी लेकर चले गए। कोतवाल अरुण कुमार मौर्या ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।