सलेमपुर। ब्लॉक क्षेत्र में आयोजित ओलंपियाड परीक्षा 2025 में 70 छात्रों ने हिस्सा लिया था। जिसमें कंपोजिट विद्यालय बरसीपार और कंपोजिट विद्यालय चेरो के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। इन विद्यालयों के विद्यार्थियों ने गणित, अंग्रेजी और विज्ञान विषयों में प्रथम स्थान हासिल किया है। जबकि दूसरे स्थान पर बरसीपार, जमुई और सोहनाग कंपोजिट विद्यालय के छात्रों का दबदबा रहा।
ब्लॉक संसाधन केंद्र पर 25 सितंबर को गणित, विज्ञान एवं अंग्रेजी ओलंपियाड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। जिसमें क्षेत्र के 54 विद्यालयों के 108 छात्रों ने आवेदन किया था। लेकिन परीक्षा के दौरान मात्र 70 छात्र उपस्थित रहे। मूल्यांकन के बाद नोडल अधिकारियों ने लिस्ट जारी किया जिसमें अंग्रेजी विषय में कंपोजिट विद्यालय बरसीपार से छात्रा रानी यादव, गणित विषय में इसी विद्यालय के छात्र हर्ष कुमार व विज्ञान विषय में कंपोजिट विद्यालय चेरो की छात्रा आंचल ने पहला स्थान प्राप्त किया। जबकि गणित विषय में कंपोजिट विद्यालय जमुई की छात्रा आदिति विश्वकर्मा, विज्ञान विषय में सोहनाग की आलिशा परवीन व बरसीपार हर्ष कुमार दूसरा स्थान तथा गणित विषय में बरसीपार की छात्रा रानी यादव, विज्ञान विषय में मझवलिया नंबर चार के छात्र विवेक पटेल व अंग्रेजी विषय में इच्छौना बाजार कंपोजिट विद्यालय की छात्रा खुशी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। रिजल्ट जारी होने के बाद अपने अपने छात्रों का विद्यालय के शिक्षकों ने उत्साहवर्धन किया। नोडल चंदन कुमार गुप्ता एआरपी ने गणित, विनोद कुमार सिंह ने अंग्रेजी तथा सुनीता यादव और अवनीश कुमार दुबे ने विज्ञान विषयों का मूल्यांकन किया था। मूल्यांकन के दौरान कुल 16 आरपी, शिक्षक और कार्यालय कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। खंड शिक्षा अधिकारी आरपी राम ने बताया कि इस परीक्षा का उद्देश्य छात्रों की बौद्धिक क्षमता, प्रतिभा और कौशल को पहचानना और निखारना है। यह छात्रों को छात्रवृत्ति और पुरस्कार जीतने का अवसर भी प्रदान करती है। प्रत्येक विषय से 10-10 बच्चों का चयन कर उन्हें जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भेजा गया है।