सलेमपुर। शारदीय नवरात्र के दौरान सलेमपुर में मां दुर्गा की मूर्ति को लेकर एक दूसरे में प्रतिस्पर्धा रहती है। प्रतिमा स्थापना से लेकर विसर्जन तक लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं। इस बार अलग तरह की प्रतिस्पर्धा देेखने को मिल रही है। कोई मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा तो कोई महाराष्ट्र, आजमगढ़, गोरखपुर, कोलकाता से मां दुर्गा की प्रतिमा मंगाया है। सभी प्रतिमाओं को पंडाल में स्थापित करने के दौरान गाजे-बाजे से स्वागत किया गया।
नगर में करीब 30 से अधिक जगहों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं रखी जाती हैं। मालगोदाम के समीप की मूर्ति इस बार महाराष्ट्र से मंगाई गई है। यह प्रतिमा स्वचालित है, जिसमें कभी भक्तों को प्रसन्न होकर आर्शीवाद देते दिख रहीं तो कभी दैत्य को संहार करती दिख रही हैं। स्टेशन रोड की मूर्ति नंबर एक, प्राइमरी स्कूल के समीप की मूर्ति नंबर तीन व पाठशाला की मूर्ति नंबर पांच मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा से मंगाई गई हैं, जो आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। सब्जी मंडी गेट की मूर्ति नंबर 6 आजमगढ़ से मगाई गई है। यह आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। वहीं चेरो रोड की बनी नगर विकास मंच की प्रतिमा को एक महीने में बंगाल के कलाकारों ने तैयार किया है। यह प्रतिमा इतनी ऊंची है कि इसके पंडाल के लिए गोखनाथ मंदिर का स्वरूप दिया गया है।