स्पोर्ट्स स्टेडियम में दो दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में संचालित खेल शिविरों के जिला स्तरीय प्रतियोगिता के तहत मंगलवार को दो दिवसीय क्रिकेट का शुभारंभ हुआ। इसमें ल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। बरहज, स्टेडियम और गौरीबाजार ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में जगह बना ली।
उद्घाटन मैच तारकेश्वर एकेडमी बरहज व देवांश एकेडमी बगहा मठिया के मध्य खेला गया। इसमें तारकेश्वर एकेडमी छह विकेट से विजयी रही। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए देवांश एकेडमी निर्धारित 10 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 83 रन बनाए। इसमें आर्यन गिरी ने 22, आर्यन यादव ने 14 तथा नितिन ने 11 रन का योगदान दिया। बरहज की तरफ से गेंदबाजी करते हुए आलोक एवं सौरभ ने दो-दो विकेट प्राप्त किया। जवाब में उतरी तारकेश्वर एकेडमी ने चार विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। आलोक ने 44, अंकुर ने 17 तथा सक्षम में 11 रन का योगदान दिया।
दूसरा मैच फैसल एकेडमी और कमला एकेडमी के बीच खेला गया। कमला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी फैसल एकेडमी ने निर्धारित 10 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 86 रन बनाए, जिसमें नीरज यादव ने 26, आरव ने 25 तथा रितेश ने 16 रन का योगदान दिया। विपक्षी टीम से अमर्त्य एवं दानिश ने क्रमशः दो- दो तथा अमन यादव ने एक विकेट प्राप्त किया।
87 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कमला एकेडमी 83 रन ही बना सकी। तीसरा मैच देवरिया स्टेडियम और सनबीम स्कूल के बीच खेला गया। इसमें देवरिया स्टेडियम 59 रनों से विजयी हुई। सनबीम स्कूल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी देवरिया स्टेडियम 10 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 153 रन बनाए। विपक्षी टीम से कुंदन ने दो तथा श्रेयांश एवं आयुष ने एक-एक विकेट प्राप्त किया।154 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनबीम स्कूल निर्धारित ओवरों में मात्र 94 रन ही बना सकी। इसमें आयुष सिंह ने 39, सार्थक ने 29 तथा फैसल ने 10 रनों का योगदान दिया। देवरिया स्टेडियम की तरफ से गेंदबाजी करते हुए आदित्यनाथ - हिमांशु- संजीव एवं सुधांशु ने एक-एक विकेट प्राप्त किया।
दिन का चौथा और अंतिम मैच देवरिया हॉस्टल और सनबीम क्रिकेट एकेडमी के बीच खेला गया। इसमें देवरिया हॉस्टल 64 रनों से विजयी हुई। सनबीम के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी देवरिया हॉस्टल की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 113 रन बनाए, जिसमें लोकेश ने 35, सौरभ पटेल ने 26 तथा सूर्यांश ने 10 रन का योगदान दिया। विपक्षी टीम से आदित्य - आर्यन - समर एवं प्रिंस ने क्रमशः एक-एक विकेट प्राप्त किया। 114 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनबीम की पूरी टीम मात्र 50 रन पर ही ऑल आउट हो गईं। देवरिया हॉस्टल की तरफ से गेंदबाजी करते हुए राजेश - सूर्यांश- सौरभ एवं रेहान ने दो-दो तथा लोकेश शुक्ला ने एक विकेट प्राप्त किया।