बरहज। तहसील परिसर स्थित विद्युत उपकेंद्र से नगर को बिजली आपूर्ति दी जाती है। पिछले 24 घंटे में नगर के लोगों को महज पांच घंटे आपूर्ति मिल सकी है। इससे लोग परेशान हैं। जिम्मेदार फुलवरिया गांव के पास मेन लाइन में आए फाॅल्ट से दिक्कत बढ़ने की बात बता रहे हैं।
सोमवार की शाम बारिश के दौरान नगर की बिजली गुल हो गई। रात में करीब 12 से सुबह पांच बजे तक किसी तरह आपूर्ति बहाल कराया गया, मगर मंगलवार की सुबह पांच से शाम सात बजे तक आपूर्ति बाधित रही।
लंबी कटौती के कारण लोगों के घरों और कार्यालयों के उपकरण बैठ गए हैं। मुन्ना बरनवाल, बिरजानंद निषाद, जितेंद्र, गौरव बरनवाल आदि का कहना है कि कुछ दिनों से नगर की बिजली काफी कष्ट दे रही है।
जेई हरिओम ने बताया कि बारिश के दौरान बिजली खराब हो गई है, जिसे किसी तरह दुरुस्त कराया गया। फुलवरिया के पास मेन लाइन में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण दोबारा आपूर्ति बाधित हो गई है। संवाद