बरियारपुर। बरियारपुर क्षेत्र में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता चौथे दिन बृहस्पतिवार को रांची और बरेली की टीमों के बीच मैच खेला गया। रोमांचक मैच में बरेली की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए रांची को 3-0 से पराजित कर अगले दौर में मजबूत दावेदारी पेश की।
मैच का उद्घाटन डॉ. संजीव शुक्ला एवं समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. दिलीप यादव ने फीता काटकर किया। खेल की शुरुआत से ही बरेली की टीम आक्रामक नजर आई। पहले हाफ में बरेली की ओर से राशिद ने शानदार गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में बरेली के साहिल ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए लगातार दो गोल किए और टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।
रांची की टीम पूरे मैच में संघर्ष करती नजर आई लेकिन गोल करने में सफल नहीं हो सकी। मैच में निर्णायक की भूमिका श्रीराम यादव, तुलसी एवं हीरा निषाद ने निभाई। वहीं कमेंट्री का दायित्व अब्दुल रब और अलाउद्दीन ने संभाला। इनकी रोचक टिप्पणियों से दर्शकों में उत्साह बना रहा।
इस अवसर पर नगर पंचायत बरियारपुर के अध्यक्ष राजभर एवं अनिल कुमार पांडेय ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता के दौरान मनोज मिश्रा, अखिलेश प्रजापति, पीके मिश्रा, कैलाश, मनोज गिरी, दिवाकर यादव, प्रेम निवास पांडेय, रामनिवास पांडेय, राजू पांडेय, साहिल अंसारी माैजूद रहे।