डीएम ने बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों संग की परिचयात्मक बैठक
शौचालय, रिकॉर्ड रूम व लंबित राजस्व वादों के शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन
देवरिया। डीएम मधुसूदन हुल्गी ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में कलक्ट्रेट और दीवानी बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों व अधिवक्ताओं के साथ परिचयात्मक बैठक की। बैठक में न्यायिक एवं राजस्व संबंधी व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने को लेकर चर्चा हुई। डीएम ने कहा कि बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय एवं निरंतर संवाद से ही फरियादियों को त्वरित और प्रभावी न्याय मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि न्यायालयों का नियमित संचालन होने पर ही सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे और अधिक से अधिक लोगों को समयबद्ध न्याय मिल पाएगा। बैठक के दौरान डीएम ने शौचालय, रिकॉर्ड रूम एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं में शीघ्र सुधार का आश्वासन दिया। राजस्व वादों के निस्तारण में हो रहे विलंब पर डीएम ने कहा कि लंबित मामलों की सूची तैयार कर नियमित अनुश्रवण कराया जाएगा, जिससे जल्द सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने अधिकारियों को अधिवक्ताओं के साथ सम्मानजनक एवं विनम्र व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अधिवक्ताओं ने राजस्व न्यायालयों में रिपोर्ट दाखिल करने में देरी, पोस्ट ऑफिस भवन के जीर्णोद्धार, पेयजल और गैस जैसी समस्याओं को भी उठाया। डीएम ने इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी वीके सिंह, एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व रामशंकर और डीजीसी नवनीत मालवीय सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।