देवरिया वालीबाल छात्रावास के टीम को 25-21, 25-23 के स्कोर से हराया
रविंद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में हो रही राज्यस्तरीय वालीबाल आमंत्रण प्रतियोगिता
देवरिया। राज्य स्तरीय आमंत्रण सीनियर पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता बुधवार को रविंद्र किशोर शाही स्पोर्स्टस स्टेडियम में शुरू हुई। इसमें प्रदेश भर से आईं 10 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। पहले दिन उद्घाटन मैच में आजमगढ़ छात्रावास ने रोमांचक मुकाबले में मेजबान देवरिया छात्रावास को 25-21 और 25-23 के अंतर से हराकर जीत दर्ज किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि एमएलसी व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। मुख्य अतिथि धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की खेल नीति खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने वाली है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि आज आप जनपद का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, कल देश का नाम रोशन करेंगे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता अजय मणि उपस्थित रहे। क्रीड़ाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने बुके और अंगवस्त्र भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन लीग-कम-नॉकआउट आधार पर कुल छह मैच खेले गए। मैदान पर आजमगढ़ और बलिया का दबदबा रहा। पहला मैच आजमगढ़ वॉलीबॉल छात्रावास ने रोमांचक मुकाबले में मेजबान देवरिया छात्रावास को 25-21 और 25-23 के अंतर से हराया। दूसरा मैच स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर और देवरिया वॉलीबॉल एसोसिएशन के बीच खेला गया। इसमें स्पोर्ट्स कालेज गोरखपुर ने देवरिया की टीम को 23-25, 25-22, 25-21 के कड़े संघर्ष में पराजित किया। तीसरे मैच में बलिया ने मऊ को सीधे सेटों में 25-22, 25-23 से मात दिया। चौथे मैच में गाजीपुर ने महाराजगंज को 25-16, 25-16 से हराकर अपनी जीत दर्ज की। पांचवें मैच में आजमगढ़ छात्रावास ने अपनी दूसरी जीत दर्ज करते हुए गोरखपुर को 25-13, 25-13 से हराया। छठे मैच में देवरिया वॉलीबॉल एसोसिएशन ने जौनपुर को 25-09, 25-20 से शिकस्त दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण सिंह, फूलचन्द गुप्ता, अंतर्यामी सिंह, संजय कानोडिया, अजय जायसवाल आदि उपस्थित रहे।