ईद को लेकर कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक, शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील
सलेमपुर। ईद पर्व को देखते हुए बुधवार को सलेमपुर कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इसमें हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए। अधिकारियों ने सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की।
सीओ मनोज कुमार ने कहा कि ईद आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक पर्व है। ऐसे में सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान माहौल बिगाड़ने या खलल उत्पन्न करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ऐसे तत्वों पर पूरी नजर रखे हुए है। वहीं बैठक में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में ईद का पर्व शांति और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा। पीस कमेटी की बैठक में त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी तथा अफवाहों पर रोक जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की भ्रामक सूचना या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में भाजपा नेता संपूर्णानंद गुप्ता, सपा नेता जैनुल अख्तर, शाहबाज आलम, राजन यादव, सभासद अशोक गुप्ता, फिरोज खान राजू, मनीष यादव, विपिन कुशवाहा समेत दोनों समुदायों के अन्य लोग मौजूद रहे।