देवरिया। सर्वोच्च न्यायालय नई दिल्ली में 21 से 23 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत की सफलता को लेकर शनिवार को जिला बार एसोसिएशन सभागार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवरिया की ओर से किया गया।
कार्यक्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अर्चना ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों के आपसी सुलह-समझौते से निस्तारण के लिए समाधान समारोह-2026 अभियान चलाया जा रहा है।
इसका समापन 21, 22 और 23 अगस्त को विशेष लोक अदालत के आयोजन के साथ होगा।
उन्होंने कहा कि पक्षकार अपने लंबित मामलों को गूगल फॉर्म के माध्यम से विशेष लोक अदालत में शामिल करा सकते हैं। फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 31 मई निर्धारित की गई है। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि विशेष लोक अदालत में बैंकिंग, बीमा, दीवानी, मोटर दुर्घटना, पारिवारिक, सेवा, श्रम, भूमि अधिग्रहण समेत विभिन्न समझौता योग्य मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पक्षकार स्वयं अथवा अपने अधिवक्ता के माध्यम से इसका निःशुल्क लाभ उठा सकते हैं।