शिक्षक ने किया छात्र से कुकर्म का प्रयास, नाराज लोगों ने पीटा
लार। नगर के एक प्राइवेट विद्यालय में पढ़ा रहे शिक्षक ने एक छात्र के साथ कुकर्म का प्रयास किया। जानकारी होने पर पहुंचे छात्र के परिजनों ने आरोपी शिक्षक की पिटाई कर दी। मामला बढ़ता देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
नगर के एक वार्ड निवासी एक शिक्षक नगर के ही एक प्राइवेट विद्यालय में पढ़ाता है। लॉकडाउन के बाद से ही विद्यालय बंद है। कुछ छात्रों को उसी विद्यालय में कोचिंग कराता है। शुक्रवार को वह विद्यालय पहुंचा और समयानुसार छुट्टी कर दी। आरोप है कि शिक्षक ने एक नाबालिग छात्र को मोबाइल और चॉकलेट देने के बहाने विद्यालय में रोक लिया। छात्रों के चले जाने के बाद उसे कमरे में ले जाकर कुकर्म का प्रयास किया। छात्र ने शोर मचाया तो आरोपी शिक्षक ने छात्र को चुप कराने की कोशिश की। इसके बाद छात्र रोते हुए घर पहुंचा और शिक्षक की करतूत बताई। नाराज परिजनों ने आरोपी शिक्षक की जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक टीजे सिंह ने बताया कि आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उसके खिलाफ पाक्सो एक्ट के तहत कुकर्म के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।