खाना पकाने के बहाने घर बुलाकर किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास
खुखुंदू। होली के दिन खाना पकाने के बहाने किशोरी को घर बुलाकर युवक ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। वह किसी तरह भागकर घर पहुंची और आपबीती मां को बताई। पीड़ित परिवार ने 1090 पर सूचना दी। मौके पर एएसपी राजेश कुमार और स्थानीय पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने इस मामले में छेड़खानी, वीडियो बनाकर धमकी देने और पाक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की 15 वर्षीय किशोरी को सोमवार की सुबह पड़ोस के एक परिवार के लोगों ने खाना पकाने के लिए बुलाया। पिता उसको आरोपी के घर पहुंचाकर देवरिया चले गए। किशोरी घर में खाना पकाने की तैयारी करने लगी। तभी आरोपी युवक किशोरी से छेड़छाड़ करते हुए उससे जोर जबरदस्ती करने लगा। आरोप है कि आरोपी युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। किसी तरह किशोरी आरोपी के चंगुल से बचकर भाग निकली। आरोपी ने किशोरी को भागने का वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी है। आरोपी एक बच्चे का पिता बताया जा रहा है। सूचना के बाद एएसपी और स्थानीय पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच पड़ताल की। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर छेड़खानी, वीडियो बनाकर धमकी देने और पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ अनिल कुमार यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि मेडिकल में अगर दुष्कर्म के प्रयास की बात सामने आएगी तो विवेचना के दौरान धाराओं में इजाफा कर दिया जाएगा।