देवरिया। शहर के अमर ज्योति चौराहा स्थित एक मकान को फर्जी दस्तावेज के सहारे हड़पने के प्रयास का मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ जालसाजी समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भीमपुर निवासी संजीत सिंह ने आरोप लगाया है कि गरुलपार स्थित भवन संख्या-74/1 उनके और उनकी माता कलावती देवी के नाम नगर पालिका अभिलेखों में दर्ज है। वे नियमित रूप से गृहकर व जलकर का भुगतान करते आ रहे हैं। आरोप है कि तेजप्रताप सिंह, उनकी पत्नी संगीता तथा बेटे विवेक प्रताप और अभिषेक प्रताप साजिश के तहत उक्त मकान पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने साल 1997 की तिथि दर्शाते हुए मकान से संबंधित फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कराया।
आरोप है कि दस्तावेज में मृत व्यक्तियों के नाम और उनके जाली हस्ताक्षर बनाए गए तथा उसे सही साबित करने के उद्देश्य से पूर्वांचल विद्युत निगम लिमिटेड के अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर बिजली कनेक्शन लेने का प्रयास किया।
न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने तेजप्रताप सिंह, विवेक प्रताप सिंह, अभिषेक प्रताप सिंह व संगीता देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर दी है।