तलवार-चाकू से हमलाकर एक परिवार के छह को किया घायल
सदर कोतवाली के भीमपुर गांव का है मामला, पीड़ित ने दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सदर कोतवाली के भीमपुर गांव में कुछ लोगों ने तलवार, चाकू और अन्य धारदार हथियार से हमलाकर एक ही परिवार के छह लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। उपचार कराने के बाद पीड़ित ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
भीमपुर गांव निवासी विजय का कहना है कि पड़ोस के रहने वाले कुछ लोगों से पुराना विवाद चलता है। रविवार की सुबह नौ बजे पड़ोस के ही रहने वाले रामवृक्ष, लालमोहन, रणजीत, अमित, निखिल, पार्वती देवी, बिंदू, रानी और नंदिनी अपने हाथ में तलवार, चाकू और अन्य धारदार हथियार हमला कर दिए। पिता रामदेनी पर तलवार से हमला किया गया। उन्होंने तलवार पकड़ ली तो हाथ में गहरा जख्म हो गया। सीने पर भी चोट लगी। उनको बचाने के लिए मैं, भाई विकास, मां शांति देवी और बहनें सुनीता, अनामिका पहुंचीं तो सभी ने मिलकर तलवार, चाकू, डंडा और अन्य हथियार से हमला कर दिया। मां शांति देवी बेहोश हो गईं थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को लाकर जिला अस्पताल में उपचार कराया। उसने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सदर कोतवाल टीजे सिंह ने बताया कि पुरानी रंजिश में मारपीट हुई है। मामले की जांचकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली गेट पर विवाद, वकील ने किया ईंट से प्रहार
देवरिया। सदर कोतवाली थाना गेट पर रविवार की दोपहर बाद दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष से पैरवी में गए रिश्तेदार वकील ने दूसरे पक्ष के एक युवक पर ईंट से प्रहार कर दिया। पुलिसवालों ने बीच-बचाव कर घायल युवक का उपचार कराया। आरोपी वकील को हिरासत में लिया गया है। सदर कोतवाली के खोराराम गांव में दो पक्षों के बीच रविवार को विवाद हो गया। दोनों पक्ष तहरीर देने के लिए कोतवाली आए। यहां एक पक्ष की महिला का वकील भाई भी पहुंच गया। वह दीवानी न्यायालय में वकालत करता है। कोतवाली गेट पर उसने बहन के विरोधी पक्ष के सोनू पर ईंट से प्रहार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। यहां भी दोनों पक्ष एक बार फिर भिड़ गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव किया। पुलिस ने वकील को हिरासत में ले लिया और घायल सोनू का जिला अस्पताल में उपचार कराया। सदर कोतवाल टीजे सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था। कोतवाली गेट पर भी विवाद कर लिए। विवाद करने वाले वकील को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
25 हजार रुपये का इनाम घोषित
देवरिया। सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के मादघाट गांव निवासी नागेंद्र तुराहा पर एसपी ने रविवार को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। 25 दिसंबर से वह वांछित चल रहा है। गैंगेस्टर अधिनियम समेत तमाम केस उस पर दर्ज हैं।