बरहज। सोनाड़ी क्षेत्र के करुअना-मगहरा मार्ग पर एक पेट्रोल पंप के निकट सोमवार को ई-रिक्शा की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें खुखुंदू थाना क्षेत्र के दोहनी गांव निवासिनी और आशा कार्यकर्ता बुच्ची देवी (38) घायल हो गईं।
इलाज के लिए भलुअनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची भलुअनी पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। बुच्ची देवी के मौत की जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, खुखुंदू थाना क्षेत्र के दोहनी गांव निवासिनी और आशा कार्यकर्ता बुच्ची देवी पत्नी संतोष कुशवाहा मीटिंग में भलुअनी गई थीं।
वह ई-रिक्शा से वापस घर जा रही थीं। बताया जा रहा है कि पेट्रोल पंप के निकट विपरीत दिशा से एक तेज और अनियंत्रित ई-रिक्शा से टक्कर हो गई।
जिसमें बुच्ची देवी घायल हो गईं। हादसा देख आसपास के लोग जुट गए। आनन-फानन लोग बुच्ची देवी को इलाज के लिए भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुच्ची देवी की तीन पुत्रियां हैं। भलुअनी थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। संवाद