भागलपुर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आशा बहुओं ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार को अस्पताल गेट पर ताला लगाकर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान ओपीडी ठप रही। जिससे इलाज के लिए आए मरीज परेशान रहे। चार घंटे बाद प्रभारी चिकित्साधिकारी को ज्ञापन सौंपकर धरना समाप्त किया। उसके बाद मरीजों का इलाज शुरू हो सका।
भागलपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार को अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर क्षेत्र की आशा कार्यकर्त्रियों ने सुबह दस बजे अस्पताल गेट पर ताला लगाकर धरने पर बैठ गईं। जिससे अस्पताल की आपातकालीन सेवा एवं प्रसव, ओपीडी, सहित सभी कार्य चार घंटे तक बाधित रही। आशा कार्यकर्त्रियों ने कोरोना काल के समय किये गये कार्य प्रति आशा 11000 रुपये, 750 रुपये बढ़ोतरी का 9 माह का भुगतान 1500 रूपये बाकी बढ़ोतरी के 6 महीने का भुगतान, टीबी के मद का बाकी राशि का भुगतान की मांग की। दो बजे प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.श्याम कुमार को सात सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंप धरना समाप्त किया।
प्रभारी डॉ श्याम कुमार ने बताया कि आशाओं से वार्ता कर गेट का ताला खुलवा दिया गया है। आने वाले मरीजों के साथ अन्य मरीजों का उपचार किया जा रहा है। आशा बहुओं के बाकी पैसे को जल्द से जल्द जांच कर दिलवाया जाएगा। इस दौरान आशा नम्रता मालवीय, शिमला सिंह, शिवकुमारी देवी, शकुन्तला देवी, आशा सिंह, रामावती देवी, पूनम देवी, लालमती देवी,चिन्ता देवी, सुमन देवी आदि पचासों कार्यकत्री मौजूद रही।