एआरओ व मजिस्ट्रेट की निगरानी में होगा ब्लॉक प्रमुख का चुनाव
देवरिया। प्रमुख क्षेत्र पंचायत चुनाव की तैयारी तेज कर दी गई है। शांतिपूर्ण चुनाव के लिए प्रशासन ने हर ब्लॉक में एआरओ व मजिस्ट्रेट की तैनाती की है। नामांकन पत्र बिक्री का कार्य भी किया जा रहा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव संपन्न होने के बाद अब ब्लाक प्रमुख पद के लिए निर्वाचन की प्रक्रिया तेज हो गई है। उम्मीदवार और उनके समर्थक क्षेत्र पंचायत सदस्यों को अपने पक्ष में करने के लिए जुट गए हैं। शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। इसके मद्देनजर सोलह ब्लाकों के लिए एआरओ तथा मजिस्ट्रेटों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार, नायब तहसील को मजिस्ट्रेट बनाया गया है। विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। नवनिर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्यों की सूची डीएम कार्यालय व क्षेत्र पंचायत कार्यालय के सूचना पट पर चस्पा कर दी गई है।
इन्हें मिली मजिस्ट्रेट व एआरओ की जिम्मेदारी
ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए 16 विकास खंडों के लिए एक मजिस्ट्रेट व एक सहायक निर्वाचन अधिकारी (एआरओ) बनाए गए हैं। इसमें विकास खंड देवरिया के लिए डिप्टी कलेक्टर अरुण कुमार को मजिस्ट्रेट, अधिशासी अभियंता बाढ़ कार्य खंड नरेंद्र कुमार को एआरओ की जिम्मेदारी दी गई है। इसी प्रकार विकास खंड भाटपाररानी में एसडीएम ध्रुव शुक्ला मजिस्ट्रेट व जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मनोज कुमार एआरओ, सलेमपुर में एसडीएम ओमप्रकाश बरनवाल मजिस्ट्रेट, सीवीओ विकास साठे एआरओ, भागलपुर में नायब तहसीलदार बरहज जितेंद्र सिंह मजिस्ट्रेट, सहायक अभियंता लघु सिंचाई पंकज राय एआरओ, बरहज में एसडीएम संजीव कुमार यादव मजिस्ट्रेट, अधिशासी अभियंता नलकूप खंड विक्रम सिंह एआरओ, बनकटा में तहसीलदारी भाटपाररानी अश्विनी कुमार मजिस्ट्रेट, पीओ डूडा विनोद कुमार मिश्र एआरओ, लार में तहसीलदार सलेेमपुर रामआसरे मजिस्ट्रेट, डिप्टी आरएमओ जितेंद्र यादव एआरओ, बैतालपुर में नायब तहसीलदार सदर मुकेश कुमार वर्मा मजिस्ट्रेट, जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी मीनू सिंह एआरओ, गौरीबाजार में नायब तहसीलदार रुद्रपुर हिमांशु सिंह मजिस्ट्रेट, अभिहित अधिकारी खाद्य, सुरक्षा रमेश चंद्र पांडेय एआरओ, भलुअनी में तहसीलदार बरहज सतीश चंद्र मजिस्ट्रेट, जिला गन्ना अधिकारी आनंद कुमार एआरओ, रुद्रपुर में एसडीएम संजीव कुमार उपाध्याय मजिस्ट्रेट, डीआईओएस देवेंद्र गुप्ता एआरओ, पथरदेवा में नायब तहसीलदार सदर धर्मवीर सिंह मजिस्ट्रेट, जिला कृषि अधिकारी मु. मुज्जमिल एआरओ, रामपुर कारखाना में नायब तहसीलदार भाटपाररानी कर्ण सिंह मजिस्ट्रेट, उपनिबंधक सलेमपुर ज्ञानेंद्र सिंह एआरओ, भटनी में एसडीएम न्यायिक बरहज सुनील कुमार सिंह मजिस्ट्रेट, अधिशासी अभियंता सिंचाई दुर्गेश गर्ग एआरओ तथा तरकुलवा ब्लाक में तहसीलदार रुद्रपुर वंशराज राम मजिस्ट्रेट व बीएसए संतोष कुमार को एआरओ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रमुख पद के आज होगा नामांकन
ब्लाक प्रमुख पद के लिए बृहस्पतिवार को नामांकन किया जाएगा। क्षेत्र पंचायत मुख्यालय पर सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक पर्चा दाखिला होगा। इसी दिन दोपहर तीन बजे के बाद से नाम निर्देशन पत्रों की जांच होगी। नौ जुलाई को सुबह 11 से दोपहर बाद तीन बजे तक नाम वापस लिया जा सकेगा। मतदान दस जुलाई को सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक होगा। इसी दिन मतों की गिनती के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।