बरहज में अधर में मोहन सेतु संवाद
बरहज। सरयू नदी पर निर्माणाधीन मोहन सेतु को पूरा करने के लिए 293 करोड़ रुपये की मंजूरी का इंतजार है। नदी में 10 नए पिलर बनाने के लिए सेतु निगम ने शासन को संशोधित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) भेजी है। आईआईटी रुड़की की टीम की मॉडल स्टडी के बाद यह प्रस्ताव तैयार किया गया है।
परसियां-विशुनपुर देवार के साथ मऊ जिले को जोड़ने के लिए वर्ष 2013 में मोहन सेतु का निर्माण शुरू कराया गया था। शुरुआत में 95.57 करोड़ रुपये की लागत से 39 पिलरों पर पुल बनाने की योजना थी। इसे 2017 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन धन की कमी के कारण काम रुक गया। बाद में 157 करोड़ रुपये के संशोधित बजट से निर्माण दोबारा शुरू हुआ। तहसील की ओर से पुल तक एप्रोच मार्ग बना लिया गया है, जबकि दक्षिणी छोर पर परसियां-विशुनपुर देवार की ओर एप्रोच मार्ग का निर्माण बाकी है।
इस बीच सरयू नदी में लगातार कटान होने से पुल के पास नदी का पाट चौड़ा हो गया है। इसके बाद आईआईटी रुड़की की इंजीनियरिंग टीम ने जुल्फिकार अली के नेतृत्व में मॉडल स्टडी की। इसमें पिलरों की संख्या बढ़ाने की जरूरत सामने आई। सितंबर में सेतु निगम ने 10 अतिरिक्त पिलर बनाने के लिए 293 करोड़ रुपये का संशोधित डीपीआर शासन को भेजा।