कसया। अपना दल कमेरावादी की कार्यकर्ता समीक्षा बैठक शनिवार को नगरपालिका के वार्ड अंबेडकर नगर भरौली में हुई। मुख्य अतिथि सिराथू की विधायक डॉ. पल्लवी पटेल रहीं।
विधायक ने कहा कि वह अपने पिता डॉ. सोनेलाल पटेल के बताए मार्ग पर चलते हुए कमेरावादी समाज से राजनीति, शिक्षा और अन्य सम्मानजनक पदों पर आगे बढ़ने का आह्वान करती हैं। उन्होंने कहा कि “हम कब तक अपना खून-पसीना बहाकर दूसरों को जिताते रहेंगे और खुद शोषण सहते रहेंगे। हमें अपने अधिकारों के लिए जागरूक रहना पड़ेगा और उन्हें हासिल करना होगा।”
उन्होंने कहा कि कमेरावादी समाज में कुर्मी, लोहार, बढ़ई सहित कई वर्ग शामिल हैं, जिन्हें संगठित होकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि आम जनता से प्रमाण मांगना उचित नहीं है। “हम इसी मिट्टी में जन्मे और पले-बढ़े हैं।
बैठक को पार्टी के राष्ट्रीय सचिव हीरा राम पटेल, एडवोकेट रामशीला पटेल, सभासद संघ अध्यक्ष प्रभुनाथ सिंह, कुर्मी महासभा कुशीनगर के जिलाध्यक्ष राम नरेश सिंह पटेल समेत अन्य ने संबोधित किया।
इस दौरान प्रसून जायसवाल, सभासद अमेरिकन सिंह, केशव सिंह, अजेंद्र कुमार सिंह, विजेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व छात्रसंघ महामंत्री अशोक सिंह, राम स्नेही पटेल, तेज प्रताप सिंह, अमरदीप सिंह, संतोष सिंह, वीरेंद्र कुमार सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य शमशाद उर्फ बौना भाई, राजेश सिंह, गौरी शंकर सिंह आदि मौजूद रहे।