फोटो समाचार......
छह पशुओं के साथ ग्रामीणों ने दबोचा था रंगे हाथों, तीन पशुओं के साथ हुआ फरार
शक के आधार पर एक अन्य को पकड़ कर पुलिस को सौंपा, जांच में जुटी पुलिस
सदर कोतवाली के गोबराई गांव का मामला, पुलिस ने फायरिंग की घटना से किया इन्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सदर कोतवाली के गोबराई खास वार्ड नंबर-3 में गो तस्करी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने छह पशुओं को तस्करी कर ले जा रहे एक तस्कर को पकड़ लिया। इसके बाद तस्कर फायरिंग करते हुए तीन पशुओं को लेकर भाग निकला। पुलिस ने फायरिंग की घटना से इन्कार किया है।
गोबराई खास वार्ड नंबर एक के ग्रामीणों का आरोप है कि गांव निवासी एक व्यक्ति कई महीनों से एक तस्कर के साथ मिलकर गो तस्करी कर रहा है। वह प्रतिदिन रात में गो तस्करी का काम करता है। ग्रामीण काफी दिनों से उसे पकड़ने की फिराक में थे, लेकिन वह उनके हत्थे नहीं चढ़ रहा था। शनिवार की रात को वह एक तस्कर के साथ छह पशुओं की तस्करी कर रहा था। इसकी सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने धावा बोल दिया। मौके पर पहुंच तस्कर को पकड़ लिया।
अपने को ग्रामीणों से घिरा देखकर गो तस्कर ने फायरिंग की और उनके चंगुल से छुटकर भाग निकला। ग्रामीणों का आरोप है कि छह में तीन पशुओं के साथ वह और उसका एक अन्य साथी जो छिपा था, भाग निकले। इसके बाद ग्रामीणों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए शक के आधार पर गांव निवासी अनिरुद्ध प्रसाद को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कोतवाल वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि फायरिंग की बात अफवाह है। ग्रामीणों ने तीन पशु को पकड़ कर बांध रखा था। ग्रामीणों ने शक के आधार पर एक व्यक्ति को पकड़ कर पुलिस को सौंपा है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।