देवरिया। गाजियाबाद में अधिवक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार व लाठीचार्ज की घटना के विरोध में सदर तहसील के अधिवक्ता बुधवार को न्यायिक कार्य से विरत रहे और प्रदर्शन किया। साथ ही अधिवक्ता प्रोटेक्शन बिल तत्काल लागू करने की मांग की।
इससे पहले सदर तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष युगल किशोर तिवारी की अध्यक्षता में संघ भवन में हुई बैठक में गाजियाबाद की घटना की निंदा की गई और न्यायिक कार्य में सहयोग न करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद प्रर्दशन किया गया। अध्यक्ष ने कहा कि अधिवक्ताओं पर कोर्ट परिसर में इस तरह की घटना का होना अधिवक्ताओं पर प्रतिबंधात्मक आदेश का परिणाम है।
इस दौरान मंत्री राधेश्याम पटेल, रामछबीला यादव, अजय श्रीवास्तव, विजय सेन यादव, रामईश्वर सिंह, सामंत कुमार मिश्र, राजीव त्रिपाठी, अभिलेश श्रीवास्तव, आशुतोष मणि, विष्णु गुप्ता, गिरिश नारायण तिवारी, ज्ञानेंद्र पांडेय आदि मौजूद रहे।
गाजियाबाद में लाठीचार्ज के विरोध में देवरिया में उबाल ः गाजियाबाद में अधिवक्ताओं पर मंगलवार को हुए लाठीचार्ज के विरोध में जनपद के अधिवक्ताओं में उबाल आ गया। बुधवार को अधिवक्ता संगठनों के बैनर तले वकीलों ने बैठक कर गाजियाबाद के जिला जज की कार्यशैली के विरोध में प्रदर्शन कर हड़ताल पर रहने का निर्णय लिया।
अधिवक्ताओं की हड़ताल के कारण दीवानी व कलक्ट्रेट में न्यायिक कार्य ठप रहा। वादकारियों को बैरंग लौटना पड़ा। उधर अधिवक्ताओं की हड़ताल और प्रदर्शन की जानकारी होते ही पुलिस प्रशासन के पसीने छूटने लगे।
अधिवक्ता दीवानी न्यायालय से होते हुए कलक्ट्रेट कचहरी पहुंचे और सिविल लाइंस होते हुए कचहरी चौराहा पर प्रदर्शन किया। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सिंहासन गिरी, मंत्री अजय कुमार उपाध्याय, कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय मिश्रा व दी सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामचीज यादव के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने बैठक कर गाजियाबाद में अधिवक्ताओं पर हुए लाठीचार्ज की घोर निंदा की।