तरकुलवा। थाना क्षेत्र के तरकुलवा-बंजरिया मार्ग पर परसौनी मोड़ के पास छोटी दीपावली की दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई।
हादसे में बाइक सवार वेल्डर की मौके पर मौत हो गई, जबकि सेना के जवान समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद बाइके कब्जे में ले लीं।
घायलों को तरकुलवा सीएचसी भेजा गया, जहां से हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। उधर, मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।