दो भाइयों की हालत गंभीर, बहन के घर शादी में शामिल होने जा रहे थे
संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। क्षेत्र के पथरदेवा-कंचनपुर मार्ग पर भेलीपट्टी गांव के पास सोमवार को बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़ी कंबाइन से टकरा गई। इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए। इसमें दो भाइयों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। इनका इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। दोनों भाई अपने बहन के घर शादी में शामिल होने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जिले के चौरा खास थाना क्षेत्र के भानपुर गांव निवासी दो सगे भाई मिनहाज खान व नियाज खान, परवेज आलम के साथ कार में सवार होकर बहन के घर एक शादी में शामिल होने बुलकिया बैजनाथा गांव में जा रहे थे। भेलीपट्टी गांव के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़ी कंबाइन से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार में सवार दो भाइयों मिनहाज और नियाज को गंभीर चोटें आईं। जबकि परवेज आलम को हल्की चोटें आईं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया। जहां से दोनों भाइयों की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।