देवरिया। कोतवाली क्षेत्र के बांकी भेलापार गांव में बच्चों के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायती पत्र पर पुलिस ने चार नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बांकी भेलापार निवासी सुग्रीम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 12 मार्च की रात बच्चों के विवाद को लेकर गांव के कुछ युवकों ने लाठी-डंडा और लोहे की रॉड लेकर उसके दरवाजे पर आ गए। आरोप है कि सभी लोग गाली-गलौज करने लगे और विरोध करने पर घर में घुसकर मारपीट करने लगे।
पीड़ित के अनुसार, शोर सुनकर उसका भाई ध्रुव, भाभी फुलम देवी और बेटा ओम बचाने आए तो आरोपियों ने उन्हें भी लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया।
पीड़ित ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। आरोप है कि बाद में रात करीब डेढ़ बजे समृद्धि मैरेज हाल के पास भी आरोपियों ने दोबारा हमला कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
इस मामले में पुलिस ने गांव के मोनू, विवेक, लालबहादुर और मुनीब अन्य के खिलाफ मारपीट समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल राकेश राय ने बताया कि शिकायती पत्र के आधार पर चार नामजद समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज आरोपितों की तलाश की जा रही है।