देवरिया। इंडस्ट्रियल एस्टेट में प्लॉट खरीद-बिक्री में धोखाधड़ी के आरोपों में जिला कारागार में बंद पूर्व आईजी अमिताभ ठाकुर का शुक्रवार को अचानक सिर में दर्द और आंखों में सूजन आ गई।
इसके चलते उनकी बेचैनी और बढ़ गई। इसकी जानकारी मिलते ही आंख के सर्जन डॉ. इकबाल ने उनकी आंखों की जांच की। जांच में उनकी आंखों में दिक्कत मिली। डॉक्टर ने उन्हें दवा दी। साथ ही चश्मा लगाने की सलाह दी।
सूत्रों के मुताबिक पूर्व आईजी अमिताभ ठाकुर दूसरे दिन भी आम बंदियों की तरह रहे। इस दौरान वह बेचैन दिखाई दिए। जानकारी के मुताबिक बृहस्पतिवार की रात वह कभी उठकर कमरे में टहलने लगते तो कभी सोने का प्रयास कर रहे थे। चश्मा टूटने की वजह से उन्हें देखने और कुछ पढ़ने में दिक्कत आ रही थी। तीन दिन पहले मेडिकल परीक्षण के बाद अमिताभ ठाकुर को देवरिया जिला कारागार भेजा गया। वहां इनके स्वास्थ्य को देखते हुए अस्पताल के एक कमरे में रखने का निर्णय लिया गया।
कमरे में जाने के बाद उन्होंने चश्मे के अभाव में देखने में दिक्कत की बात कही। बृहस्पतिवार की रात में भोजन व दवा खाने के बाद वे काफी देर तक कमरे में ही टहलते रहे। चश्मा नहीं होने के चलते उनकी आंख में सूजन और सिर में दर्द होने लगा। शुक्रवार की सुबह मेडिकल टीम की जांच में जब उन्होंने अपनी समस्या को बताया तो दोपहर बाद आंख के सर्जन डॉ. इकबाल जिला कारागार पहुंचे और उनकी जांच की।