बखरा। गोरखपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर नौगांवा मोड़ के समीप तेज रफ्तार बाइक और कार की टक्कर में भटौली बुजुर्ग के टोला नौगांवा निवासी शैलेंद्र निषाद की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, भटौली बुजुर्ग के टोला नौगांवा निवासी शैलेंद्र निषाद (19) वर्ष पुत्र रेखा निषाद खरोह चौराहे पर किसी काम से आया था। शुक्रवार की शाम को वह घर वापस लौट रहा था। नौगांव मोड़ के समीप आगे जा रही कार से अनियंत्रित होकर टकरा गया, जिससे वह सड़क पर गिर गया, जिससे सिर में गंभीर चोट लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के पीछे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार का पिछला पहिया ब्लास्ट हुआ था। कार में दो लोग एक पुरुष और महिला सवार थे। वे लोग गोरखपुर से देवरिया जा रहे थे। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने इलाज के लिए युवक को जिला अस्पताल देवरिया लाया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। क्षेत्राधिकारी हरिराम यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हेलमेट रहता तो बच जाती जान : गौरी बाजार। घर से गांव के खरोह चौराहे पर गया युवक अपनी मां से कहा कि वह कुछ ही देर में घर आ जाएगा। उसे क्या पता कि काल गांव के मोड़ पर ही इंतजार कर रहा है। कार से भिड़त हुआ और वह सड़क पर गिर गया। हेलमेट नहीं पहना था। काश हेलमेट पहना होता तो संभव है कि उसकी जान बच जाती। युवक तीन भाईयों में सबसे छोटा था। कुछ दिन पूर्व बंगलूरू से घर आया था। पिता रेखा निषाद बाहर कमाने गए हैं। दूरभाष पर सूचना मिलते ही पिता फफक कर रो पड़े। 5