सलेमपुर। पंचायत चुनाव के लिए प्रकाशित मतदाता सूची में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय दिव्यांग एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने जीवित मतदाताओं के नाम साजिश के तहत विलोपित किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कहीं मृत मतदाताओं के नाम सूची में बने हुए हैं तो वहीं जीवित लोगों के नाम हटा दिए गए हैं।
इस मामले को लेकर दिव्यांग एकता मंच के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को एसडीएम कार्यालय व निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर पत्रक सौंपा। उन्होंने मतदाता सूची में तत्काल सुधार कराने और लापरवाही बरतने वाले बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। राकेश सिंह ने बताया कि विकास खंड के बड़हरा ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में जीवित 94 मतदाताओं के नाम विलोपित कर दिए गए हैं, जबकि कई विवाहित युवतियों और मृतकों के नाम सूची में अब भी दर्ज हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष अजय कुमार, उपेंद्र शर्मा, अजय यादव, सत्येंद्र यादव, सुनील कुमार, सुरेंद्र यादव, बृजेश चौहान, रामआशीष, छेदी प्रसाद, भागचंद प्रसाद, राजनाथ गौड़, शिवसागर, गुड्डू शर्मा, गिरीशचंद्र, गिरिजावती देवी, नरसिंह चौहान आदि लोग मौजूद रहे। संवाद