गलत तरीके से जोड़ा बिजली का तार तो मैकेनिक का सिर फोड़ा
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के मुंडेरा खुर्द गांव में गलत तरीके से तार जोड़ने के बाद केबल और मीटर जलने से नाराज युवक ने बिजली मैकेनिक का ईंट सिर फोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल मैकेनिक को पास के अस्पताल में इलाज कराया गया। इस घटना में एक अन्य युवक भी घायल हो गया है। इस मामले में दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है।
मुंडेरा खुर्द निवासी आकाश चौहान विद्युत मैकेनिक का कार्य कर परिवार का भरण पोषण करता है। अपने गांव से लेकर अगल बगल क्षेत्रों में घूमकर बिजली बनाता है। शुक्रवार की शाम को गांव में ही एक व्यक्ति का विद्युत केबल टूटकर गिर गया था। उसने केबल जोड़कर आपूर्ति बहाल करा दिया। शनिवार की सुबह जब आकाश गांव में घूमने निकला तो संतोष पक्ष के लोगों ने गलत तरीके से तार जोड़ने का आरोप लगाते हुए उस पर ईंट से हमला कर दिया। जिससे उसका सिर फट गया है। जबकि गांव के संतोष चौहान का आरोप है कि मकैनिक ने हमारे केबल में दूसरे का तार जोड़ दिया। जिससे मेरा केबल और मीटर फाल्ट हो गया है। इससे तकरीबन पचीस सौ रुपये का नुकसान हुआ है। जब उसने उलाहना दी तो उसने मारपीट कर मुझे घायल कर दिया। एसओ अनिल कुमार यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई होगी।