देवरिया। स्कूल की फीस जमा करने में करीब 15 दिन की देरी होने पर तीन बच्चों को कथित तौर पर कक्षा से बाहर खड़ा करने और प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। दानोपुर निवासी दुर्गा कुमार मद्धेशिया ने डीएम से इसकी शिकायत की है।
उनका आरोप है कि बच्चे करीब तीन साल से आईटीआई के पास एक निजी स्कूल में पढ़ रहे हैं। परिवार में एक सदस्य के अस्वस्थ होने से आर्थिक स्थिति बिगड़ गई थी, जिससे फीस जमा करने में देरी हो गई। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों को पहले भी दो-तीन बार कक्षा से बाहर खड़ा किया।
दुर्गा कुमार का आरोप है कि 18 अगस्त को बच्चे स्कूल पहुंचे तो फीस में देरी का हवाला देकर उन्हें अन्य बच्चों के सामने कथित तौर पर प्रताड़ित किया गया और विद्यालय परिसर से बाहर खड़ा कर दिया गया।
बच्चों के रोने पर स्कूल की ओर से परिजन को फोन किया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि फोन पर उनसे भी अपमानजनक शब्द कहे गए और बच्चों के सामने धमकाया गया।
उन्होंने कहा कि मार्च में बच्चों की कॉपी-किताब खरीदने में अधिक खर्च होने के कारण कुछ फीस बाकी रह गई थी। दुर्गा कुमार के अनुसार उन्होंने 22 जुलाई 2026 को पांच हजार रुपये फीस के रूप में जमा किए थे।
इसके बावजूद बकाया फीस को लेकर बच्चों को पढ़ाई से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने डीएम से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने से रोकने और मामले में कार्रवाई की मांग की है।