तरकुलवा। कानपुर के पनकी औद्योगिक क्षेत्र के एक कमरे में बुधवार की रात सो रहे चार युवकों की दम घुटने से हुई मौत के चौथे दिन रविवार शाम को कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही तवक्कलपुर गांव में पहुंचे। इस दौरान एक बार फिर परिजनों के करुण-क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। कृषि मंत्री ने मृतकों के परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की और सरकार से हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
थाना क्षेत्र के ग्राम तवक्कलपुर के रहने वाले अमित बरनवाल (32), संजू सिंह (22), राहुल सिंह (23) व दाऊद अंसारी ( 28) की कानपुर के पनकी औद्योगिक क्षेत्र नंबर दो के निर्माणाधीन ऑयल सीड प्लांट के मेन गेट के पास बने एक कमरे में बुधवार की रात में सोते समय दम घुटने के कारण मौत हो गई थी। इसके बाद से ही तवक्कलपुर गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है। जब कोई जन प्रतिनिधि या रिश्तेदार मृतक युवकों के परिजनों को सांत्वना देने पहुंचते हैं तो परिवार के सदस्यों के करुण-क्रंदन माहौल गमगीन हो जाता है। इसके बाद हर किसी का कलेजा मुंह को आ जाता है। कुशलक्षेम पूछने वालों की आंखें आंसुओं से भर जाती है। रविवार को प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही तवक्कलपुर गांव जब मृत युवकों के परिजनों को ढाढ़स बंधाने पहुंचे तो परिजनों की करुण-क्रंदन सुनकर भावुक हो गए। उन्होंने एक-एक कर सभी युवकों के परिजनों से मुलाकात की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को यथा शीघ्र सारी जरूरी औपचारिकता पूरी कर मृतकों के परिजनों को आर्थिक मदद देने का निर्देश दिया।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख राम आशीष गुप्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष दुष्यंत राव, नगर पंचायत अध्यक्ष जनार्दन कुशवाहा, जयराम राव, रणधीर सिंह गोलू, रामाश्रय यादव आदि मौजूद रहे।