देवरिया। अलग-अलग जगहों पर तीन जालसाजों ने तीन महिलाओं को झांसे में लेकर गहना और नकदी लेकर फरार हो गए। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
रुद्रपुर थाना क्षेत्र के सरहसबह गांव निवासी भगवती गुप्ता ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि उसकी मां लीलावती देवी 14 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे अपने मायके से घर सरहसबह जाने के लिए रुद्रपुर मोड़ देवरिया के पास ऑटो का इंतजार कर रही थीं। इसी बीच तीन युवक मां के पास से सोने की तीन जीउतिया, कान का एक जोड़ी टप्स, सोने का मंगलसूत्र का लाॅकेट, एक सोने की चेन झपट्टा मारकर लेकर भाग गए।
इस मामले में पुलिस ने तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। इसके अलावा श्रावस्ती जिले के जुड़पनिया मदरहवा सिरसिया गांव निवासी संगीता देवी व उनकी बहन रेवती देवी ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि हम दोनों शनिवार की सुबह करीब पांच बजे देवरिया रेलवे स्टेशन से अपने गांव शामपुर थाना महुआडीह जा रही थीं।
रेलवे स्टेशन के बगल के पूजा स्वीट्स के समीप तीन अज्ञात लोगों ने हम बहनों को भ्रम में डालकर पर्स में रखे तीन मंगलसूत्र, एक जोडी टप्स, एक जोड़ी कान की बाली तथा 13 हजार रुपये नकद लेकर भाग निकले। कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।