ग्रामीणों ने बैंक परिसर में किया प्रदर्शन
भाटपाररानी। क्षेत्र के बंगरा बाजार स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में मंगलवार को एक खाताधारक के साथ बैंककर्मियों के दुर्व्यवहार से नाराज होकर आक्रोशित ग्रामीणों ने बैंक परिसर में ही प्रदर्शन किया। एक खाताधारक ने आरोप लगाया कि केवाईसी अपडेट कराने के लिए गए तो कैशियर ने धक्का देकर उसे गिरा दिया। लोगों ने आरोपित कैशियर के खिलाफ कार्रवाई की। कुुछ देर के लिए शाखा पर अफरातफरी का माहौल बन गया और बैंकिंग कामकाज भी ठप हो गया।
बंगरा बाजार के खातेदार राहुल कुशवाहा मंगलवार को किसी कार्य से अए थे। उन्होंने बताया कि तीन बार केवाईसी के लिए बैंक में जा चुके हैं। आज वह शाखा प्रबंधक के पास गए तो कैशियर सोनू कुमार ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। इसकी सूचना पर हियुवा नेता सुनील प्रताप यादव के नेतृत्व में लोगों ने प्रदर्शन किया। हियुवा नेता ने शाखा प्रबंधक से बात की। बताया कि युवक का केवाईसी एक्टिवेट हो गया है। शाखा प्रबंधक ने ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न होने का भरोसा दिया है। शाखा प्रबंधक केशव कुमार सिंह ने बताया कि युवक मोबाइल फोन से बैंक परिसर में रिकार्डिंग कर रहा था। कैशियर के मना करने के दौरान युवक का मोबाइल गिर गया। खाताधारक के साथ दुर्व्यवहार की बात गलत है।
शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई
प्रदर्शन की सूचना पर जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक राकेश कुमार श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मामले को सुलझाने में सहयोग किया। कहा कि इस मामले में अगर बैंककर्मियों के खिलाफ लिखित शिकायत क्षेत्रीय कार्यालय को मिलती है तो इसकी जांच कराकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।