विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी, सदर कोतवाली में पीड़ितों ने किया प्रदर्शन
देवरिया। विदेश भेजने के नाम पर पांच दर्जन से अधिक युवकों से लाखों रुपये ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। बृहस्पतिवार को विदेश जाने के लिए युवक के पहुंचने से पहले ट्रेड सेंटर कार्यालय बंद कर संचालक फरार हो गया। इसके बाद जनपद के अलावा बलिया, गोंडा, कुशीनगर सहित आधा दर्जन से अधिक जिलों से आए युवकों ने सदर कोतवाली पहुंच प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की। कोतवाल के समझाने पर युवक शांत हुए। इस मामले में पुलिस पूछताछ के लिए दो महिला कर्मचारियों को हिरासत में ली है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के बड़हरा चौराहा पर एक कंपनी के नाम पर विदेश भेजने के लिए ट्रेड सेंटर खुला और युवकों को विदेश भेजने के लिए सुनहरा अवसर दिखाया गया। संचालक ने देवरिया के अलावा बलिया, गोंडा, कुशीनगर सहित आधा दर्जन से अधिक जिलों के 60 से अधिक युवकों से 40 से 90 हजार रुपये लिया और शुक्रवार को लखनऊ से फ्लाइट होने की बात करते हुए बृहस्पतिवार को कार्यालय पर बुलाया। युवक विदेश जाने की तैयारी कर पहुंचे तो कार्यालय में ताला बंद था और संचालक व कर्मचारी गायब थे। फोन करने पर मोबाइल बंद था। संचालक के बारे में जानकारी न मिलने पर युवक परेशान हो गए। इसके बाद आक्रोशित युवक सदर कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शन करने लगे। कोतवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ितों से बात की तो बलिया जिले के नगरा थाना क्षेत्र के ताड़ी बाड़ा गांव के आलमगीर असांरी, गोंडा जिले के नवाबगंज निवासी राकेश कुमार, देवरिया के मदनपुर थाना के अम्मा पांडेय गांव के अभय कुमार, सिवान जिले के भगवानपुर थाने के सकड़ी गांव के ओमप्रकाश पांडेय व अन्य ने बताया कि संचालक ने विदेश भेजने के लिए पैसा लिया। उन्हें बीजा और फ्लाइट का टिकट देते हुए बृहस्पतिवार को देवरिया बुलाया, जहां से बस से लखनऊ जाने की बात कही। युवक लखनऊ जाने के लिए बड़हरा पहुंचे तो संचालक फरार था। पीड़ित मिनहाज अहमद, फैयाज अहमद, शिवा कुमार, गौतम यादव, लवकुश मिश्रा, वकील सिंह, अर्जुन वर्मा का कहना था कि पता करने पर बीजा व टिकट फर्जी निकला। इसके बाद पुलिस के पास पहुंचे। इस संबंध में कोतवाल चंद्रभान सिंह ने बताया कि कुछ युवकों ने विदेश भेजने के नाम पर ठगी का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। इस मामले में ट्रेड सेंटर की दो महिला कर्मचारियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। संचालक की तलाश की जा रही है। छानबीन के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।