सलेमपुर। मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने के मामले में कर्मचारियों को तहसीलदार अलका सिंह ने शनिवार की देर शाम निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर फटकार लगाते हुए कार्यमुक्त करने की चेतावनी दी थी।
रविवार को अधिकांश कर्मचारियों ने घर-घर पहुंचकर निर्वाचन सूची में नाम जुड़वाने और कटवाने के लिए पर्चा देना शुरू कर दिया। वहीं एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने निर्वाचन कार्यालय में तहसीलदार और दोनों नायब तहसीलदार के अलावा अन्य कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो और सभी पात्र नागरिकों का नाम सूची में अवश्य जोड़ा जाए।
तहसीलदार अलका सिंह ने कहा कि किसी भी हाल में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाह कर्मचारी कार्यमुक्त किए जाएंगे। इसके लिए उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजा जाएगा। कहा कि पंचायत निर्वाचन, विधानसभा एवं स्नातक निर्वाचन से संबंधित मतदाता सूची को ठीक करने की जिम्मेदारी दी गई है।
ऐसे में समय से मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण होना जरूरी है। हालांकि अफसरों का सख्त रवैया देख रविवार की सुबह से ही कर्मचारियों ने अपने-अपने बूथ पर पहुंच घर-घर पर्चा देना शुरू कर दिया।
एक के बाद एक बीएलओ तहसील ग्रुप में अपनी तस्वीर डाल अपनी उपस्थिति दर्ज कराने लगे।
तहसीलदार अलका सिंह ने बताया कि बूथ लेवल के सभी अधिकारियों को चेतावनी दी गई है, रविवार को कुछ बूथों पर अधिकारियों ने घर घर जाकर पत्र बंटा है।