पुलिस को देख नाले में कूदा किशोर, ग्रामीणों ने बचाया
सलेमपुर। भटनी थाना क्षेत्र के चांदपार चौराहे पर तीन दिन पूर्व किसी बात पर दो गांवों के कुछ युवकों में मारपीट हो गई थी। दोनों पक्ष से कई लोग घायल हो गए थे। बृहस्पतिवार की सुबह एक सिपाही ने एक किशोर को दौड़ाया तो उसने कोईलार नाले में छलांग लगा दी। यह देख सिपाही वहां से भाग निकला। ग्रामीणों ने किसी तरह किशोर की जान बचाई। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से की है।
भटनी थाना क्षेत्र के चांदपार चौराहे पर दो गांवों के कुछ युवकों में कुछ दिन पूर्व विवाद हो गया था। कोतवाली क्षेत्र के कोड़रा ठाकुर गांव के गोलू प्रसाद समेत कई युवक घायल हो गए। दूसरी तरफ चांदपार गांव निवासी मोहन यादव घायल हो गए। इस मामले में भटनी पुलिस लगातार दो दिनों से कोड़रा ठाकुर गांव में दबिश दे रही है। नाले में कूदे किशोर को ग्रामीणों की मदद से किसी तरह कोईलार नाला से बाहर निकाला गया। ग्रामीणों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के बाद उसे आराम मिल गया। इस बाबत एसओ श्याम सुंदर तिवारी ने बताया कि तीन दिन पूर्व कुछ लोगों ने मारपीट की थी। उसमें एक युवक की हालत गंभीर है। इसकी शिकायत पर पुलिस गांव में गई थी। किशोर की डूबने की सूचना मुझे नहीं है।