मंडलायुक्त ने मेडिकल कालेज का किया निरीक्षण, चिकित्सकों की तैनाती की ली जानकारी
देवरिया। मंडलायुक्त गोरखपुर ने बृहस्पतिवार को महर्षि देवरहा बाबा स्वशासी राजकीय मेडिकल कालेज का निरीक्षण किया। उन्होंने फेकेल्टी, लेक्चर कक्ष आदि को देखा और चिकित्सकों के तैनाती की जानकारी ली। उन्होंने अधूरे कार्य जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया।
मंडलायुक्त रवि कुमार एनजी बृहस्पतिवार को दोपहर बाद पहुंचे। इसके बाद मेडिकल कालेज पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन, एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र, मेडिकल कालेज के प्राचार्य एएम वर्मा एवं सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय के साथ मेडिकल कालेज का निरीक्षण किया। उन्होंने मेडिकल कालेज के एक-एक फेकेल्टी, हाल, लेक्चर कक्ष आदि का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने प्राचार्य से चिकित्सकों की तैनाती, स्वीकृत पदों आदि के बारे में पूर्ण जानकारी ली। साथ ही कार्यदायी संस्थाओं को अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग कमल किशोर, कार्यदायी संस्था के अवर अभियंता सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।