मदरसा बोर्ड की परीक्षा में जनपद की छात्राओं ने किया शानदार प्रदर्शन
सेकेंडरी परीक्षा में प्रदेश के टॉप टेन में जिले की आठ छात्राएं शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मदरसा शिक्षा परिषद की ओर से बृहस्पतिवार को जारी परिणाम में छात्राओं ने जिले को गौरवान्वित किया है। सेकेंडरी की परीक्षा में प्रदेश के टॉप टेन में यहां की आठ छात्राओं ने स्थान बनाया है। मदरसा पाक़ीज़ा निस्वा भेली पट्टी की छात्रा अफीफा खातून ने प्रदेश में दूसरा स्थान पाया है।
उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद सेकेंडरी, सीनियर सेकेंडरी, कामिल और फाजिल स्तर की पढ़ाई कराती है। मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं फरवरी माह में संपन्न हुई थीं। बृहस्पतिवार को बोर्ड की ओर से इसका परिणाम जारी किया गया। इसके साथ ही बोर्ड ने प्रदेश के टॉप टेन छात्र-छात्राओं की सूची भी घोषित कर दी। इसमें सेकेंडरी परीक्षा में जिले की छात्राओं ने दमदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा दिखाई है। मदरसा बोर्ड अध्यक्ष इफ्तिखार अहमद ने बताया कि टॉप-10 में से आठ स्थानों पर जिले की छात्राओं ने सफलता पाई है।
मदरसा पाक़ीज़ा निस्वा भेली पट्टी की छात्रा अफीफा खातून ने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। जिले की लाडली खातून तीसरे, अलीना चौथे, अफनान पांचवें, फातिमा सातवें, नाजिया आठवें, नूर अफसा खातून नौवें और शाहीन फातिमा ने दसवां स्थान हासिल किया है।
छात्राओं के बेहतर प्रदर्शन पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी आशुतोष पांडेय, मदरसा संचालक सादिक अली, शमशाद अहमद, वजीर अहमद, एहसानुल्लाह सिद्दीकी, मो. इरफान खान ने बधाई दी।
पाक़ीज़ा निस्वा की पांच छात्राओं ने प्रदेश के टॉप टेन में बनाई जगह
रामपुर कारखाना। जिले के भेलीपट्टी स्थित मदरसा पाकीजा निस्वा की पांच छात्राओं ने सेकेंडरी स्तर की परीक्षा में प्रदेश के टॉप टेन में जगह बनाई है। सचिव शमशाद अहमद ने बताया कि मदरसा बोर्ड का परिणाम पिछले वर्ष के मुकाबले बेहतर रहा है। टॉप-10 में जगह बनाने वाली पांच में से चार छात्राएं छात्रावास में रहकर पढ़ाई करती हैं। जबकि एक छात्रा ने घर से आकर पढ़ाई पूरी की है। प्रधानाचार्य रुबीना खातून, आलीमा सुल्ताना परवीन, तमन्ना नूरी और अर्शी ने इस पर प्रसन्नता जताई। संवाद