मनमानी रिपोर्ट के विरोध में वकीलों ने एसडीएम को सौंपा पत्रक
रुद्रपुर। जमीन की वरासत और आय, जाति, निवास प्रमाणपत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन निरस्त किए जाने के विरोध में वकीलों ने एसडीएम को पत्रक सौंपा। उन्होंने लेखपालों पर बिना जांच किए आवेदनों को निरस्त करने का आरोप लगाया। उन्होंने जांच कर लेखपालों पर कार्रवाई की मांग की।
बुधवार को बार संघ के पूर्व अध्यक्ष ब्रज बिहारी पांडेय के नेतृत्व में वकीलों ने उपजिलाधिकारी को पत्रक देकर बताया कि भभौली गांव में वरासत के लिए ऑनलाइन आवेदन हुआ था। बिना जांच के लिए लेखपाल ने आवेदन निरस्त कर दिया। आवेदन में निरस्त होने का स्पष्ट कारण भी नहीं बताया गया है। निर्धारित समय में लेखपाल रिपोर्ट नहीं लगाने के कारण आवेदन को ही निरस्त कर दे रहे है। ईडब्ल्यूएस के आवेदनों में जमकर धांधली की जा रही है। लेखपालों के स्पष्ट रिपोर्ट नहीं लगाने से प्रमाण पत्र जारी नहीं हो रहे है। आय, जाति और निवास प्रमाण पत्रों में रिपोर्ट लगाने पर धन उगाही की जा रही है। बड़हरा गांव के दो लोग वरासत कराने को महीनों से चक्कर काट रहे है। पत्रक देने वालों में सत्यप्रकाश सिंह, आनंद सिंह, बालेंदु पांडेय, अनिल पांडेय आदि मौजूद रहे। इस बाबत एसडीएम संजीव कुमार उपाध्याय ने कहा कि शिकायत की जांच चल रही है। दोषी पाए जाने पर लेखपाल पर कार्रवाई की जाएगी। आवेदनों की जांच कर तय समय में प्रमाण पत्र और वरासत करने को सख्त निर्देश दिए जा चुके हैं।