रायबरेली में जहरीली शराब कांड से प्रशासन सतर्क
बरहज। रायबरेली की घटना से सबक लेकर रविवार को एसडीएम ध्रुव शुक्ल, सीओ देवआनंद ने आबकारी टीम के साथ देसी, अंग्रेजी शराब और बीयर की दुकानों की जांच की। रायबरेली में मांगलिक कार्यक्रम में जहरीली शराब के सेवन से एक परिवार के दो सदस्यों समेत 11 लोगों की मौत हो गई थी।
अधिकारियों ने आबकारी और स्थानीय पुलिस के साथ नगर सहित कपरवार, करुअना, बरांव, बारा दीक्षित, भलुअनी आदि जगहों पर सरकारी शराब और बीयर की दुकानों की जांच की। जहां स्टॉक रजिस्टर से शराब के शीशियों का मिलान करते हुए पैकिंग, बार कोडिंग आदि की जांच की गई। जांच में करुअना की एक दुकान में गंदगी देख अधिकारियों ने अर्थदंड लगाने का निर्देश दिया। दुकानों पर अधिकारियों को देख शौकीन किनारा कस ले रहे थे। अधिकारियों ने दुकानदारों से चाक-चौबंद रखने के साथ ईमानदारी से कार्य करने की हिदायत दी। एसडीएम ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जांच की गई है। करुअना की एक दुकान पर गंदगी मिली है। इस मामले में कार्रवाई की गई है। इस दौरान आबकारी इंस्पेक्टर पंकज विवेक, एसएसआई सुभाष चंद्र पांडेय, यशवंत सिंह, सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।